राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव आयोजित:विधानसभा अध्यक्ष ने हितग्राहियों को बांटे 100 राशन कार्ड, गैस कनेक्शन; वन नेशन-वन राशन कार्ड के फायदे समझाए

राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रविवार को ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय स्पीकर हाउस में आयोजित चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने 100 हितग्राहियों को खाद्य सुरक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत नवीन राशन कार्ड वितरित किए। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 100 पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन भी प्रदान किए गए। डॉ. सिंह ने जनता को राशन कार्ड के बारे में समझाया विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हर माह की 7 तारीख को ‘चावल उत्सव’ मनाया जाता है, जिससे 1 से 7 तारीख के बीच सभी हितग्राहियों को आसानी से राशन मिल सके। डॉ. सिंह ने ‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ योजना के महत्व को भी समझाया, जिसके तहत हितग्राही आधार प्रमाणीकरण के जरिए देश में कहीं भी राशन प्राप्त कर सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- कोई परेशानी हो तो सीधे प्रशासन से संपर्क करें उन्होंने ‘महतारी वंदन योजना’ का भी उल्लेख किया, जिसके अंतर्गत पात्र महिलाओं के खातों में हर माह 1000 रुपये जमा किए जा रहे हैं, जिससे उनका आर्थिक सशक्तिकरण हो सके। डॉ. सिंह ने बताया कि राजनांदगांव जिले में 498 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं और जनता से अपील की कि किसी भी समस्या के लिए सीधे जिला प्रशासन से संपर्क करें। डॉ. रमन सिंह ने कहा, “खाद्यान्न सुरक्षा योजना नागरिकों का अधिकार है और हमारा लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक शासन की हर योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।” इस कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, संतोष अग्रवाल, कलेक्टर जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुरुचि सिंह, एसडीएम गौतम पाटिल और खाद्य अधिकारी रवींद्र सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *