जयपुर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप:प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक स्कूलों में 12–13 जनवरी की छुट्टी घोषित

जयपुर में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों को राहत दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जयपुर जिले में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में दो दिन का अवकाश बढ़ा दिया गया है। अब 12 और 13 जनवरी को भी इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा, जबकि सभी शिक्षक और अन्य स्टाफ को विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा। साथ ही, जो परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा, 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर जयपुर जिले में पहले से ही कलेक्टर द्वारा घोषित अवकाश रहेगा। ऐसे में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के स्कूल अब सीधे 15 जनवरी को खुलेंगे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 13 जनवरी तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक और प्रारंभिक (मुख्यालय) जयपुर को निर्देश दिए गए हैं कि वे मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के सहयोग से सभी राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों में इस आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराएं। आदेश की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती ठंड के बीच छोटे बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो सकता था। वहीं, मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में ठंड और शीतलहर के बने रहने की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *