डुमरी|डुमरी सरना समाज की एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक रविवार को डुमरी आंगनबाड़ी परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति सदस्य बेला देवी ने की। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 23 जनवरी को आदिवासी धार्मिक स्थल ककड़ोलता में आयोजित होने वाले राज्यकीय मेले में समाज के सभी लोगों के सामूहिक रूप से शामिल होने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 18 जनवरी को सामाजिक पिकनिक सह मिलन समारोह आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस अवसर पर आसपास के एवं अन्य गांवों से समाज के अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को और मजबूत किया जा सके। मौके पर पंचायत समिति सदस्य बेला देवी ने कहा कि सरना समाज की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक पहचान को बनाए रखने के लिए इस तरह के सामूहिक आयोजन बेहद जरूरी हैं। ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है और समाज में एकता व सहयोग की भावना मजबूत होती है। बैठक में बीरेंद्र भगत, अजय भगत, अमूल भगत, देवेश भगत, सत्यम उरांव, विवेश भगत, रक्षाबंधन, अनिल उरांव, अमित उरांव, अनुराधा देवी, दिलकुमारी देवी, संपत्ति देवी, हीरामुनि देवी, बिमला देवी, सुखमनी देवी, जसिंता देवी, बिमला कुजूर, दिलीप उरांव सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित थे। लोहरदगा| जिले के ग्राम भक्सो स्थित श्री 1008 उमानाथ मंदिर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 14 जनवरी 2026 को धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए मंदिर समिति ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में अखण्ड हरी कीर्तन, हवन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः छह बजे से होगी जो संध्या छह बजे तक चलेगी। बताया गया कि अखण्ड हरी कीर्तन के माध्यम से भगवान के नाम का संकीर्तन होगा। वहीं हवन के जरिए विश्व शांति, कल्याण और सद्भावना की कामना की जाएगी। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। समिति ने बताया कि मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व पर आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान समाज में सद्भाव, आस्था और भाईचारे को मजबूती प्रदान करता है। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए संपर्क संख्या 9386103491, 8935979168, 6200484288 व 9431197727 से संपर्क की जाने की बात कही।


