अमृतसर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एसो. चुनाव दुग्गल प्रधान और कपूर बने महासचिव

अमृतसर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एसोसिएशन (एडीसीए) की सर्विस क्लब में आयोजित वार्षिक जनरल बैठक के दौरान सुरिंदर दुग्गल को प्रधान और राजीव कपूर को महासचिव निर्विरोध चुना गया है। चुनाव अधिकारी संजीव भाटिया और अमनदीप सिंह की देखरेख में संपन्न हुई इस प्रक्रिया में नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जनवरी थी। निर्धारित समय (दोपहर 4 बजे) तक किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन दाखिल न किए जाने के कारण दोनों को उनके पदों पर निर्वाचित घोषित कर दिया गया। यह चुनावी प्रक्रिया पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के महासचिव जीएस चावला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उल्लेखनीय है कि सुरिंदर दुग्गल पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान और पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान भी हैं। निर्वाचन के बाद दुग्गल ने कहा कि वह पिछले 30 वर्षों से केमिस्टों के कल्याण और विकास के लिए सक्रिय हैं और भविष्य में भी उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि केमिस्टों और व्यापारियों के लिए उनके दरवाजे 24 घंटे खुले हैं। सुरिंदर दुग्गल ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के साथ उनकी एक महत्वपूर्ण बैठक 12 जनवरी को सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में प्रस्तावित है। उनकी अगुवाई में केमिस्टों और व्यापारियों का एक शिष्टमंडल स्वास्थ्य मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराएगा और एक ज्ञापन सौंपेगा। दुग्गल ने उम्मीद जताई कि डॉ. बलबीर सिंह मौके पर ही प्रमुख समस्याओं का समाधान करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *