सिटी के मॉडल टाउन श्मशान घाट के सामने 13 महीने पहले कचरे का डंप होता था। इसे शहर की समाजसेवी संस्था जॉइंट एक्शन कमेटी मॉडल टाउन ने लोगों के सहयोग से हमेशा के लिए बंद कर दिया। जॉइंट एक्शन कमेटी इस जगह पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की यादगार (दीवार) बना रही है। रविवार को पंजाब विधानसभा के स्पीकर सरदार कुलतार सिंह संधवां इस जगह पहुंचे। जॉइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन वरिंदर मलिक ने उन्हें जॉइंट एक्शन कमेटी द्वारा किए जा रहे कामों की जानकारी दी। स्पीकर ने कहा कि अगर जॉइंट एक्शन कमेटी जैसी दूसरी संस्थाएं पंजाब सरकार के साथ मिलकर समाज के विकास और भलाई के लिए काम करती रहीं, तो एक दिन रंगला पंजाब की तस्वीर साफ नजर आने लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी यह यादगार बनकर तैयार होगी, तो शहर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस मौके पर सुनील चोपड़ा, राजीव दुग्गल, जगदीप सिंह नंदा, रोहित मलिक, हरसिरत सिंह साहनी मौजूद रहे।


