गढ़वा | केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा योजना में किए गए छेड़छाड़ के विरोध में कांग्रेस का 25 फरवरी तक चलने वाले जन जागरूकता अभियान के तहत रविवार को एकदिनी उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर ओबैदुल्लाह हक अंसारी के नेतृत्व में रंका मोड़ स्थित इंदिरा गांधी पार्क में किया गया। मौके पर इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर मजदूर विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान गढ़वा जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओबैदुल्लाह हक अंसारी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार मजदूरों के साथ लगातार छल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश के उन मजदूरों को निशाना बना रही है, जो वास्तव में देश की बुनियाद हैं। उन्होंने भाजपा द्वारा अपने घोषणापत्र में घोषित 125 दिन के काम का वादा केवल एक ड्रामा और ढकोसला है। उन्होंने इसे न केवल मजदूरों बल्कि पूरे देश के लिए नुकसानदायक बताया। जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह ने स्पष्ट किया कि मजदूरों को उनका अधिकार दिलाने और उनकी आवाज़ को ऊपर तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष करेगी और भाजपा को अपने 125 दिन के झूठे वादे वापस लेने या उसे लागू करने के लिए मजबूर करेगी। वरिष्ठ नेता सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि मनरेगा के तहत 100 दिन का सुनिश्चित रोजगार दिया जाता था। उस समय काम हो या न हो, मजदूरों को उनकी मजदूरी मिलती थी, जिससे उनके घर का खर्च चलता था। प्रभात दुबे ने कहा कि आज मजदूर खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और यह सवाल खड़ा हो गया है कि उसे न्याय मिलेगा भी या नहीं। कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष राम करेश चौबे, त्रिपुरारी सिंह आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर अल्पसंख्यक अध्यक्ष खुर्शीद आलम, सेवा दल के नसीम अंसारी, युवा जिला अध्यक्ष ऋषभ चंद्रवंशी, गढ़वा प्रखंड अध्यक्ष योगेंद्रनाथ चौबे, रंका प्रखंड अध्यक्ष बजेंद्र चौधरी, एनएसयूआई नेता प्रियरंजन दास, मोसाहिद हुसैन, जवाहर चौधरी, आसिफ खान, अशोक सिंह, नसीम अंसारी, नसरूल्लाह, छोटू दुबे, इजहार अंसारी, शुभम पांडेय, कामरान अंसारी, समीर रिजवी, उमेश गुप्ता आदि मौजूद थे।


