भिंड में सोमवार की सुबह लोगों के लिए थोड़ी राहत लेकर आई। सुबह से ही तेज धूप खिलने से लोगों ने ठंड से राहत महसूस की और छतों पर धूप सेंकते नजर आए। हालांकि, धूप के बावजूद उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते रोज (रविवार) के मुकाबले दिन और रात के तापमान में दो-दो डिग्री की गिरावट आई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं से ठिठुरन, अलाव का सहारा उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने शहर में ठिठुरन बढ़ा दी है। हवाओं की गति 3 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है, जो सीधे शरीर में चुभ रही है। वहीं, वातावरण में आर्द्रता (Humidity) 89 प्रतिशत होने से गलन महसूस हो रही है। लोग ठंड से बचने के लिए भारी ऊनी कपड़े पहनकर ही घरों से निकल रहे हैं। सुबह और शाम के समय लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री था, जो आज घटकर 5 डिग्री रह गया है। सड़कों पर दम तोड़ रही गायें, पशु प्रेमी कर रहे मदद कड़ाके की सर्दी का सबसे बुरा असर बेजुबान जानवरों पर पड़ रहा है। स्ट्रीट डॉग्स और आवारा गायें ठंड से कांपते नजर आ रहे हैं। रात में तापमान गिरने से खुले में घूमने वाली गायों के लिए मुसीबत बढ़ गई है। सर्दी के कारण शहर में कई गायों की मौत भी हो चुकी है। जानवर हवाओं से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की तलाश करते दिख रहे हैं। हालांकि, कुछ पशु प्रेमी जगह-जगह अलाव जलाकर इन मवेशियों को राहत देने का प्रयास कर रहे हैं।


