भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी कांग्रेस ने मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में मनरेगा बचाओ संग्राम की औपचारिक घोषणा किया जा चुका है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी मोहला- मानपुर- अंबागढ़ चौकी के द्वारा मानपुर में रविवार को एक दिवसीय मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सांकेतिक उपवास रखकर आंदोलन किया। संग्राम के प्रभारी पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा मनरेगा में किए जा रहे बदलाव मजदूरों व गरीबों के संवैधानिक काम के अधिकार पर सीधा हमला है। पहले मनरेगा के तहत हर ग्रामीण परिवार को 15 दिनों के भीतर काम की गारंटी थी लेकिन नए बदलावों के बाद यह अधिकार खत्म कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने बताया कि 12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर संपर्क, 30 को वार्ड स्तरीय शांतिपूर्ण धरना, 31 से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय धरना, 7 से 15 फरवरी तक विधानसभा घेराव, 16 से 25 फरवरी तक आंचलिक अखिल भारतीय स्तरीय मनरेगा बचाओ रैली का आयोजन किया जाएगा। विधायक इंद्रशाह मंडावी ने कहा कि मनरेगा पिछले 20 वर्षों से भारत के मजदूरों की जीवन रेखा रही है। जब पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा था तब भारत में मोदी सरकार ने बिना किसी योजना के लॉकडाउन कर दिया। लाखों प्रवासी मजदूर घर लौटने मजबूर हुए ऐसे समय में मनरेगा ने 4 करोड़ 60 लाख परिवारों को रोजगार दिया था।


