कोरबी-चोटिया | सिरमिना मार्ग पर आंजन नाला पुल के पास सड़क किनारे खड़ी कार से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। घटना में बाइक समेत फेंकाकर चालक नाली में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार की शाम करीब 5 बजे कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम बगाही पारा के आगे सिरमिना मार्ग पर आंजन नाला पुल के पास मोड़ पर हुई। जहां बनारस से दुर्ग लौट रहे लोगों ने कार को सड़क किनारे खड़ी की थी। इस दौरान मार्ग से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक सीजी 16 सीआर 1670 का चालक बुड़ापारा (कोरबी) निवासी सुकनाथ वहां से गुजर रहा था। मोड़ पर वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे बाइक बेकाबू होकर कार के पीछे जा टकराई। रफ्तार की वजह से बाइक समेत वह पीछे फेंकाकर नाली में गिर गया। जिससे उसे सिर में गंभीर चोट लगी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस व डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। जहां घायल के पर्स से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई और पुलिस ने परिजन तक सूचना पहुंचाई। वहीं घायल सुकनाथ को पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।


