टीकमगढ़ में बस स्टैंड रोड पर मटर से भरा एक पिकअप वाहन पलट गया। घटना रविवार देर रात हुई। गनीमत रही कि वाहन पलटने के दौरान ड्राइवर और क्लीनर सुरक्षित रहे, उन्हें कोई चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने इस हादसे का कारण सड़क पर मौजूद बड़े-बड़े गड्ढों को बताया है। बस स्टैंड रोड की पूरी सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बस स्टैंड मार्ग की मरम्मत अधूरी अंबेडकर तिराहा से लेकर बस स्टैंड तक का पूरा मार्ग लंबे समय से जर्जर है। नगर पालिका की ओर से इसकी मरम्मत के लिए टेंडर भी जारी हो चुका है। ठेकेदार ने डिवाइडर रोड के एक ओर तो मरम्मत का काम पूरा कर दिया है, लेकिन दूसरी ओर अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है। जय स्तंभ चौराहा से लेकर पुराना बस स्टैंड तक की सड़क भी खराब हालत में है। सड़क पर नालीनुमा गड्ढा खोद दिया गया है, जिसके कारण बीती रात मटर से भरा पिकअप वाहन पलट गया। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस गड्ढे की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने तत्काल गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की है।


