बोरिंग एफसी ने काका एफसी को पेनल्टी शूट आउट में हराया

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव बोरिंग एफसी ने काका एफसी को पैनल्टी शूट आउट में हरा कर खिताब अपने नाम किया। काका एफसी उप विजेता रही। मैच की शुरुआत से दोनों टीमों ने आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 गोल से बेहद रोमांचक और बराबरी पर रहा। इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूट आउट के माध्यम से हुआ। इसमें बोरिंग फुटबॉल क्लब ने बेहतर संयम और रणनीति दिखाते जीत दर्ज की। अंतिम सीटी के साथ मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। मैन ऑफ द मैच प्रवेश कनोरिया रहे। वासुदेव इंफ्रा राजनांदगांव फ्लड लाइट फुटबॉल लीग स्पर्धा का फाइनल मुकाबला शनिवार रात खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में रोमांचक मैच उत्साह से भरे माहौल के बीच संपन्न हुआ। दूधिया रोशनी में खेले गए खिताबी मुकाबले में बोरिंग फुटबॉल क्लब ने कड़े संघर्ष के बाद काका फुटबॉल क्लब को पेनल्टी शूट आउट में पराजित कर फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबला देखने इसमें हिस्सा लेने वाली अन्य सभी टीम के खिलाड़ी पहुंचे थे। उन्होंने दोनों टीमों का जमकर सपोर्ट किया। फुटबॉल स्पर्धा से खेल प्रतिभाओं को मिली पहचान: फाइनल मैच के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव एवं निगम के चेयरमैन राजस्व राजा माखीजा ने विजेता और उपविजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा यह फ्लड लाइट फुटबॉल स्पर्धा राजनांदगांव की खेल प्रतिभाओं को पहचान दे रही और युवाओं को सकारात्मक मंच प्रदान कर रही है। विजेता टीम के कप्तान ने जीत के बाद कहा यह जीत पूरी टीम की मेहनत अनुशासन एवं दर्शकों के समर्थन का परिणाम है। विजेता और उप विजेता टीम को किया पुरस्कृत विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार 71 हजार नगद एवं ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 41 हजार नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की। साथ ही व्यक्तिगत पुरस्कारों में गोल्डन बूट रेयान खान, मैन ऑफ द सीरीज प्रवेश कनोरिया, बेस्ट स्ट्राइकर पूर्वांश साहू, बेस्ट डिफेंस अनिल सिंह एवं बेस्ट गोलकीपर रंजीत रहे। फाइनल मुकाबले से पूर्व खेले गए गर्ल्स फुटबॉल सद्भावना मैच एवं आयोजक बनाम फ्रेंचाइजी सद्भावना मुकाबले ने आयोजन को सामाजिक समरसता, खेल भावना और महिला सहभागिता का सशक्त संदेश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *