भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ काम के अधिकार की रक्षा को लेकर चल रहे राष्ट्रीय अभियान मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के ग्राम चैनपुर धरना स्थल पर एक दिवसीय उपवास सत्याग्रह आयोजित किया गया। यह सत्याग्रह शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सत्य, अहिंसा और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ की गई। उपवास सत्याग्रह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय सहित कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा की मूल भावना को समाप्त करने पर तुली है और मजदूरों को न तो पर्याप्त काम मिल रहा है और न ही समय पर मजदूरी। पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने कहा कि बजट में कटौती, भुगतान में देरी और काम के दिनों में कमी सरकार की मजदूर-विरोधी नीति को दर्शाती है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मनरेगा को संविधान प्रदत्त काम के अधिकार का प्रतीक बताते हुए कहा कि कांग्रेस मजदूरों और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने मनरेगा को ग्रामीण युवाओं की जीवनरेखा बताया।


