कोटा में डंडे-पत्थरों से हमला कर चौकीदार की हत्या:निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी करता था, पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से करवाया पोस्टमार्टम

कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के रायपुर इलाके में चौकीदारी के काम को लेकर हुए विवाद में एक चौकीदार की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रामफुल पुत्र धन्नालाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी दाढ़देवी के रूप में हुई है। मृतक के भाई देवीशंकर ने बताया कि रामफुल उद्योग नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम करता था। बीती रात वह थोड़ी दूरी पर आग जलाकर ताप रहा था, इसी दौरान पास में चौकीदारी कर रहे एक अन्य चौकीदार और उसके साथी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि दूसरे चौकीदार और उसके साथी ने रामफुल पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल रामफुल को तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट करवाया गया। उद्योग नगर थाने के एएसआई शूरवीर सिंह ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों से पूरे घटनाक्रम को लेकर शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *