अभिनेता गौरव देवासी की बहुचर्चित फिल्म ‘एकलो रबारी’ का प्रीमियर स्थानीय साईं लक्ष्मी सिनेमा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर फिल्म के माध्यम से गौ-सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया, जिसमें राजनीति, धर्म और समाज सेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। फिल्म के लॉन्चिंग समारोह में आध्यात्मिक गुरु श्री तीर्थ गिरी जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। मुख्य अतिथियों में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी, पूर्व मंत्री भूपेंद्र देवासी, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित और भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम हरिसिंह देवल और हार्दिक देवासी भी मौजूद थे। फिल्म जगत से निर्देशक गोपाल देसाई, हरेश सिंह भाटी और पीरा राम सहित कई गणमान्य नागरिक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। ‘एकलो रबारी’ को केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज के लिए एक गहरा संदेश देने वाली फिल्म बताया गया है। यह फिल्म गौ-वंश के संरक्षण और गौ-हत्या के खिलाफ कड़ा संदेश देती है। इसके साथ ही फिल्म सर्व समाज के आपसी समन्वय और भाईचारे को बढ़ावा देती है। इसमें राजस्थानी विरासत और भारतीय मूल्यों को जीवंत करने का प्रयास भी किया गया है। फिल्म के प्रीमियर के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। उपस्थित अतिथियों ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी फिल्में समाज को सही दिशा दिखाने और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं। निर्देशक गोपाल देसाई और मुख्य कलाकार गौरव व हार्दिक देवासी के काम की भी काफी प्रशंसा की गई। अतिथियों ने कहा, यह फिल्म हमारी संस्कृति और गौ-माता के सम्मान की लड़ाई को पर्दे पर उतारती है। सर्व समाज का साथ इस संदेश को और भी मजबूत बनाता है।


