हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। टाइम्स पब्लिक स्कूल में हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के विचारों और उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेना था। इसमें स्कूल के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। स्कूल के चेयरमैन डॉ. सागरमल लढ़ा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके आत्मबल और युवाओं के लिए दिए गए संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद का मानना था कि यदि युवा अपने अंदर आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण विकसित करें, तो कोई भी कठिनाई बड़ी नहीं रहती। उनका यह संदेश आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। डायरेक्टर गोपाल लढ़ा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत थे। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे उनके विचारों को अपने जीवन में उतारें। लढ़ा ने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं में सही निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी विकसित होनी चाहिए।
सेमिनार के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने और सकारात्मक सोच के साथ अपने कार्यों को करने का संकल्प लिया।


