रायसेन में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को खेल स्टेडियम में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद, 3 हजार से अधिक स्कूली बच्चों ने मैदान में सामूहिक सूर्य नमस्कार किया। इनमें विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1 हजार छात्र-छात्राएं शामिल थे। बच्चों के उत्साह और अनुशासन ने इस आयोजन को खास बना दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया को भारत के गौरव से परिचित कराया था और उनका संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मंत्री पवार ने सूर्य नमस्कार को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इससे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शक्ति भी बढ़ती है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, वन मंडल अधिकारी प्रतिभा शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


