गोड्डा जिले के महगामा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े छिनतई की घटना सामने आई है। नहर के पास स्थित एसबीआई बैंक के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति से 50 हजार रुपए छीन लिए और फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति ने किसान ऋण चुकाने के लिए ये पैसे बैंक से निकाले थे। जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान बेलटिकरी गांव निवासी रामप्रकाश मंडल (लगभग 58) के रूप में हुई है। वे महगामा नहर के पास स्थित एसबीआई बैंक से 50 हजार रुपए निकालकर जैसे ही बाहर सड़क की ओर बढ़े, बाइक सवार अपराधियों ने उनसे रुपए छीन लिए और तेजी से भाग निकले। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित ने तुरंत महगामा थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही महगामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आज़ाद और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने बैंक के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। इस पूरे मामले पर महगामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि उन्हें महगामा एसबीआई मेन ब्रांच के पास से एक बुजुर्ग व्यक्ति से 50 हजार रुपए की छिनतई की सूचना मिली है, जिसे बाइक सवार दो लड़कों ने अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि मामले का सत्यापन किया जा रहा है और आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।


