मध्यप्रदेश में खेलों को नई पहचान देने वाले खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ कल 13 जनवरी को शाम 6 बजे भोपाल के बोट क्लब में होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम से पहले खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बोट क्लब पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स, प्रदेश के खेल इतिहास का एक बड़ा पड़ाव है। इसे मप्र के खेलों का महाकुंभ कहा जा सकता है। देश में पहली बार अत्याधुनिक तकनीक के जरिए इस आयोजन की लॉन्चिंग की जा रही है। कार्यक्रम में वॉटर प्रोजेक्शन और फ्लोटिंग स्टेज मुख्य आकर्षण होंगे।
पूरा आयोजन थीम आधारित होगा, जिसका उद्देश्य प्रदेश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि देश में पहली बार सभी खेल संघों को एक साथ जोड़कर इस स्तर का आयोजन किया जा रहा है। कल से प्रदेशभर में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। पहली बार खेलो एमपी के माध्यम से मध्यप्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।


