बोकारो के चीराचास में साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़:छह साइबर अपराधी गिरफ्तार, कॉल सेंटर की तर्ज पर चल रहे गिरोह का खुलासा

बोकारो में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चीराचास थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कॉल सेंटर की तर्ज पर साइबर ठगी कर रहे एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 11 जनवरी 2026 की रात को एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। तकनीकी शाखा, बोकारो को प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से साइबर ठगी से जुड़े कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली थी। इसके बाद सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वैष्णवी कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में पुलिस का छापा चीराचास थाना प्रभारी पुष्पराज के नेतृत्व में सशस्त्र बल के साथ पुलिस टीम रात करीब 10:30 बजे थाना से रवाना हुई। तकनीकी शाखा से प्राप्त मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम चीराचास थाना क्षेत्र के वैष्णवी कॉम्प्लेक्स, डी-ब्लॉक, फोर्थ फ्लोर स्थित एक फ्लैट में रात 10:45 बजे पहुंची और छापा मारा। छापेमारी के दौरान फ्लैट में छह व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए लोगों से बातचीत कर साइबर ठगी करते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में चीराचास थाना में कांड संख्या 03/26, दिनांक 12.01.2026 को धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 3(5) बीएनएस एवं 66(सी)/66(डी) आईटी एक्ट 2000 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मिथलेश कुमार झा (35), रोहित आर्यन (30), गुरु कुमार (37), प्रिंस कुमार (26), विकास रविदास (31) और टिंकु कुमार (24) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 20 हजार रुपए नगद, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, आधार कार्ड, एचडीएफसी बैंक की पासबुक और ठगी से संबंधित हिसाब-किताब की पांच कॉपियां बरामद की हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *