खरगोन के सनावद में एक इलेक्ट्रिक दुकान से बैटरी चोरी के मामले में सोमवार को इंदौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.26 लाख रुपए मूल्य की 18 बैटरी और चोरी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है। यह घटना लगभग सवा महीने पहले 21 नवंबर की रात को त्रिकोण चौराहा स्थित इलेक्ट्रिक दुकान पर हुई थी। दुकान मालिक मुकेश ने 23 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें 19 नई, 4 पुरानी बैटरी और एक ट्रैक्टर का सेल्फ चोरी होने की जानकारी दी गई थी। थाना प्रभारी रामेश्वर ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। जांच में पता चला कि चोर इंदौर से टेम्पो क्रमांक MP09R1764 लेकर सनावद आए थे। टेम्पो की छानबीन के आधार पर मोईन पिता मोहम्मद शबीर और नईम पिता मोहम्मद शबीर, दोनों निवासी चंदन नगर, इंदौर को पकड़ा गया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर 18 बैटरी जब्त की गईं।


