सवाई माधोपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में हेडमास्टर ने रसोइये से चिकन और टिक्कड़ बनवाए और खुद बाहर धूप में कुर्सी डालकर बैठ गया। इस दौरान बच्चों की छुट्टी कर मेन गेट पर अंदर से ताला लगा दिया। ग्रामीण पहुंचे तो हेडमास्टर ने फोन पर डीईओ बात करने के लिए कहा। उन्होंने मना किया तो कहा, जो कार्रवाई हो कर लेना। इस दौरान हेड मास्टर नशे की हालत में नजर आया। मामला जिले के गवर्नमेंट प्राथमिक स्कूल तालाब की ढाणी, हिंगोटा तहसील गंगापुर सिटी का है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। सबसे पहले देखिए स्कूल की 3 फोटो… ग्रामीणों के अनुसार गंगापुर सिटी तहसील के गवर्नमेंट प्राथमिक स्कूल तालाब की ढाणी में सोमवार को हेडमास्टर अमर सिंह मीणा ने बिना किसी ठोस कारण के स्कूल की छुट्टी कर मेन गेट पर अंदर से ताला लगा दिया। करीब 2:30 बजे ग्रामीण दीवार फांदकर अंदर पहुंचे तो हेड मास्टर नशे की हालत में नजर आया। वहीं, स्कूल की रसोई में रसोइया चूल्हे पर टिक्कड़ पका रहा था। वहीं, गैस चूल्हे पर स्टील के भगोने में चिकन पक रहा था। हेड मास्टर ने कहा- जो कार्रवाई हो कर लेना
ग्रामीण रसोई में पहुंचे तो रसोइया टिक्कड़ पका रहा था। उससे सब्जी के बारे में पूछा तो कहा कहा- सब्जी अभी बनाएंगे। उससे भगोने में पक रहे चिकन के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद बाहर धूप में बैठे हेडमास्टर के पास पहुंचे तो वह नशे में धुत नजर आया। उससे पूछा- यह क्या चल रहा तो उसने मोबाइल पर डीईओ से बात करने के कहा। जब ग्रामीणों ने बात करने से मना कर दिया तो कहा- जो कार्रवाई हो कर लेना। छुटि्टयों के बाद आज खुला था स्कूल
सर्दी के चलते स्कूल में 10 जनवरी तक छुट्टियां थी और सोमवार को स्कूल खुला था। स्कूल खुलते ही स्कूल में हेडमास्टर ने चिकन पार्टी कर दी। स्कूल में हेड मास्टर सहित 4 का स्टाफ है और करीब 31 बच्चों का नामांकन है। दोषियों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में इस तरह की गतिविधियां नियमों का उल्लंघन ही नहीं, बच्चों की भावनाओं और शिक्षा के प्रति घोर असंवेदनशीलता को भी दर्शाती है। लोगों ने शिक्षा विभाग से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीबीईओ ने कहा- मामले की जानकारी जुटा रहे
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) गायत्री वरमेंदू का कहना है कि सोशल मीडिया पर ऐसा एक वीडियो शेयर होने की बात सामने आई है। पंचायत प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी (पीईईओ) को जानकारी के लिए कहा है, यदि ऐसा पाया जाता तो इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।


