मंत्री की विधानसभा में युवक कांग्रेस की जन आवाज पदयात्रा:रैगांव में 25 किलोमीटर में 20 से अधिक गांवों से होकर गुजरी

युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को सतना जिले की रैगांव विधानसभा में युवक कांग्रेस ने ‘जन आवाज पदयात्रा’ निकाली। मंत्री प्रतिमा बागरी के विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस पदयात्रा का नेतृत्व युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वरुण गूजर ने किया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। यह पदयात्रा सुबह 9 बजे द्वावरी से शुरू होकर शाम 6 बजे नागौद तहसील कार्यालय पहुंची। लगभग 25 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान 20 से अधिक छोटे-बड़े गांवों को कवर किया गया। कार्यकर्ताओं ने गांवों में आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। नागौद तहसील कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और तहसीलदार प्रज्ञा दुबे को क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष बोले- रैगांव में जन समस्याओं का अंबार
युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वरुण गूजर ने बताया कि रैगांव विधानसभा में जन समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने इटमा द्वावरी में स्कूल भवन न होने से बच्चों के सड़क पर पढ़ने, किसानों को रात में बिजली मिलने और खाद संकट जैसी प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया। गूजर ने यह भी बताया कि जिले में 8 फैक्ट्रियां होने के बावजूद क्षेत्र का युवा रोजगार के लिए पलायन कर रहा है। उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए नागौद या सतना जाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो युवक कांग्रेस कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी। वरुण गूजर ने कहा कि क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर रैगांव विधानसभा में इस तरह की पदयात्राएं युवा लगातार करते रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *