कोटा शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज पोक्सो एक्ट के एक प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 9 जनवरी को पीड़िता की मां द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को एक युवक काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोपी बालिका को डरा-धमकाकर मारपीट करता, जबरन गाड़ी में बिठाकर ले जाता और उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाने का प्रयास करता था। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा पीड़िता को जाति सूचक शब्दों से प्रताड़ित किया गया और फोन पर लगातार अश्लील व जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़िता की मां ने बताया कि जब उनकी बेटी आरोपी की बातों में नहीं आई तो आरोपी ने गुस्से में आकर परिवार की कार को जला दिया और इसके बाद भी फोन पर जलाने और जान से मारने की धमकियां देता रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए बोरखेड़ा थाने पर तुरंत प्रभाव से पोक्सो एक्ट एवं एससी-एसटी एक्ट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया। एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और गहन तलाश के बाद आरोपी युवक को दिनांक 11 जनवरी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपी को 12 जनवरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


