छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के बीच जशपुर पुलिस सरहदी राज्यों से अवैध धान खपाने की कोशिशों पर लगातार नजर रख रही है। इसी क्रम में चौकी आरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से जशपुर लाए जा रहे 149 क्विंटल अवैध धान को जब्त किया है। यह धान बीते दो दिनों में एक ट्रक और दो पिकअप वाहनों से जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 42 हजार रुपए है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम केतार और बोकी में की गई। 10 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास एक संदिग्ध ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड कर झारखंड से जशपुर लाया जा रहा है। ट्रक की तलाशी में 290 बोरी में 90 क्विंटल धान सूचना मिलते ही चौकी आरा की पेट्रोलिंग टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 290 बोरी में 90 क्विंटल धान पाया गया। पूछताछ पर चालक गणेश यादव (33 वर्ष), निवासी ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी ने बताया कि ट्रक जशपुर निवासी विशाल गुप्ता का है और धान को झारखंड से लाकर जशपुर में खपाने की तैयारी थी। चालक धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि विशाल गुप्ता का एक मिनी ट्रक इससे पहले भी धान तस्करी के मामले में कुनकुरी क्षेत्र में पकड़ा जा चुका है। जशपुर पुलिस ने आरा में अवैध धान तस्करी पकड़ी इससे पहले 11 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे मुखबिर की सूचना पर आरा पुलिस ने ग्राम बोकी में घेराबंदी की और दो पिकअप वाहन JH-07-H-0224 और JH-01-CV-2140 को रोक लिया। जांच में पहले पिकअप से 66 बोरी यानी 30 क्विंटल और दूसरे पिकअप से 60 बोरी यानी 29 क्विंटल धान बरामद हुई। दोनों पिकअप के चालक शेखर यादव (26 वर्ष, मधुबनटोली, जशपुर) और सजीत कुमार (25 वर्ष, पुरनानगर, जशपुर) पाए गए। चालकों ने बताया कि वे झारखंड से जशपुर धान ले जा रहे थे, लेकिन वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पिकअप और 126 बोरी यानी 59 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया। इस तरह जशपुर पुलिस ने केवल दो दिनों में अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रक और दो पिकअप से कुल 149 क्विंटल धान पकड़कर बड़ी कार्रवाई की। अब तक जिले में 2100 क्विंटल से ज्यादा अवैध धान जब्त कर संबंधित मामलों में जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन के खिलाफ लगातार सख्ती कर रही है। आरा क्षेत्र में पकड़े गए ट्रक और पिकअप से जब्त धान जिला प्रशासन को सौंपा गया है और आगे भी अवैध धान तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


