मंदसौर में सोमवार को फर्जी आधार कार्ड पर होटल में ठहरने का एक मामला सामने आया है। राजस्थान के एक मुस्लिम युवक को हिंदू युवती के साथ होटल राज में रुकने पर गिरफ्तार किया गया है। होटल संचालक की सतर्कता से इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। आरोपी युवक की पहचान जैसलमेर, राजस्थान निवासी अशरफ के रूप में हुई है। वह होटल राज में ‘चेतन प्रकाश’ नाम से रुका था। जांच में सामने आया कि अशरफ के पास दो आधार कार्ड थे, जिनमें फोटो एक ही था लेकिन पते अलग-अलग दर्ज थे। ये दोनों आधार कार्ड राजस्थान के बताए जा रहे हैं। उसके साथ ठहरी युवती नागौर जिले की रहने वाली बताई जा रही है। मंदसौर में परीक्षा के सिलसिले में आया था
बताया जा रहा है कि अशरफ किसी परीक्षा के सिलसिले में अपनी प्रेमिका के साथ मंदसौर आया था। होटल में रुकने के लिए उसने हिंदू नाम वाले आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। सुबह दोनों की होटल में सामान्य चेकिंग की गई थी, लेकिन दोपहर में जब होटल संचालक अशोक मारू ने भुगतान से जुड़े ट्रांजैक्शन की जांच की, तो जिस खाते से राशि प्राप्त हुई, वह मुस्लिम नाम का पाया गया। इस पर होटल संचालक को संदेह हुआ। संचालक की पूछताछ से मामला उजागर
रात में जब दोनों वापस होटल पहुंचे, तो संचालक ने उनसे पूछताछ की। इस दौरान फर्जी पहचान और दो आधार कार्ड होने का पूरा मामला उजागर हो गया। तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक अशरफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने परिजनों को भी इस बारे में सूचित कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


