पीथमपुर के उत्कर्ष पैराडाइज कॉलोनी के लोगों ने देर रात कॉलोनी के पास केमिकल वाला पानी बहा रहे एक टैंकर को रंगे हाथों पकड़ लिया। औद्योगिक इलाके से निकले इस जहरीले पानी को आवासीय बस्ती के पास खाली किए जाने पर रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर जमकर हंगामा किया। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि कंपनी का यह टैंकर पिछले कई दिनों से जहरीला केमिकल युक्त पानी लाकर उनकी बस्ती के पास फेंक रहा है। रहवासी सूर्य शर्मा और जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि इस पानी की वजह से इलाके में तालाब जैसी स्थिति बन गई है। आलम यह है कि केमिकल जमीन के अंदर रिसने से लोगों के निजी ट्यूबवेल भी खराब हो गए हैं और पीने का पानी प्रदूषित हो चुका है। बच्चों की सेहत पर मंडराया खतरा स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंदे पानी से पूरे इलाके में बीमारियां फैल रही हैं। खासकर छोटे बच्चों पर इसका बहुत बुरा असर पड़ रहा है। रहवासियों ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत बिल्डर से लेकर बड़े अधिकारियों और यहाँ तक कि सीएम हेल्पलाइन पर भी की, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई के इंतजार में डटे रहवासी टैंकर को रंगे हाथों पकड़ने के बाद से रहवासी मौके पर ही डटे हुए हैं, लेकिन टैंकर मालिक अब तक सामने नहीं आया है। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है और वे प्रदूषण विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि जब तक इस अवैध काम पर रोक नहीं लगेगी और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, वे पीछे नहीं हटेंगे।


