गुना शहर की सांई सिटी कॉलोनी सकतपुर रोड में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ स्मृति पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सौरभ लोधा (18) ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। छात्र ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है, जिससे आत्महत्या के कारणों पर रहस्य बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धारवला निवासी घासीलाल लोधा का सबसे छोटा बेटा सौरभ अपने दो बड़े भाइयों और भाभी के साथ गुना में रहकर पढ़ाई कर रहा था, जबकि उसके माता-पिता गांव में रहते थे। रविवार रात को सौरभ ने परिजनों के साथ खाना खाया और पढ़ाई करने की बात कहकर अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला और भाइयों ने स्कूल जाने के लिए उसे आवाज लगाई, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए होश
संदेह होने पर जब भाइयों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सौरभ पंखे से रस्सी के फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों का कहना है कि सौरभ स्वभाव से शांत था और उसने कभी किसी परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पीएम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।


