MP में राष्ट्रीय युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार:भोपाल में सीएम बोले- नशा छोड़ योग करें युवा; कुछ जिलों में अफसर नहीं पहुंचे

मध्यप्रदेश में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बड़े स्तर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत सुबह 9:30 बजे से हुई। भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को नशे और गलत आदतों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि दिन में कम से कम आधा घंटा योग के लिए देना बेहद जरूरी है। सीएम ने चिंता जताई कि युवाओं में पढ़ने की आदत कम होती जा रही है। उन्होंने अपील की कि खेलकूद और योग के साथ-साथ पढ़ने की आदत भी विकसित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पूरा योग संभव न हो तो सूर्य नमस्कार ही पर्याप्त है। संबोधन के अंत में उन्होंने कहा- “गर्व से कहिए, हम हिंदू हैं।” देखिए तस्वीरें जिलों में हजारों विद्यार्थी शामिल हुए
खरगोन के उत्कृष्ट स्कूल मैदान में 2000 से अधिक बच्चों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार किया। कार्यक्रम में विधायक बालकृष्ण पाटीदार और जिला शिक्षा अधिकारी एसके कानूड़े सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले पुराना कलेक्ट्रेट से डीआरपी लाइन तक एक किलोमीटर लंबी युवा एकता रैली निकाली गई, जिसमें 500 से ज्यादा छात्र शामिल हुए। बैतूल के जे.एच. कॉलेज में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने सूर्य नमस्कार को शरीर बल, मनोबल और आत्मबल के विकास के लिए आवश्यक बताया। दमोह के सरस्वती शिशु मंदिर, केशव नगर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर सुधीर कोचर, जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेमा और डीपीसी मुकेश द्विवेदी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। नर्मदापुरम में सांसद नारोलिया ने किया योग
नर्मदापुरम के एनएमवी कॉलेज परिसर में 3000 से अधिक विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम राजीव रंजन पांडे और एएसपी अभिषेक राजन मौजूद रहे। प्रदेश की सबसे ऊंची चोटी धूपगढ़ पर भी कार्यक्रम
प्रदेश की सबसे ऊंची चोटी धूपगढ़ और नर्मदा किनारे सेठानी घाट पर भी सामूहिक सूर्य नमस्कार किया गया। वहीं रतलाम में जिला स्तरीय आयोजन हुआ, लेकिन कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी इसमें शामिल नहीं हुए। कुछ स्थानों पर यह भी देखने को मिला कि अधिकारी गद्दियों पर बैठे रहे, जबकि विद्यार्थी कालीन पर बैठे थे। भिंड में जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम से बनाई दूरी
भिंड जिला मुख्यालय पर शासकीय सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में सामूहिक सूर्य नमस्कार हुआ। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, समाजसेवी और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। मंत्री, सांसद और विधायक को आमंत्रण भेजा गया था, पर वे उपस्थित नहीं हुए। कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। प्रदेशभर में हुए इन आयोजनों के जरिए राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं को योग, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने का प्रयास किया गया। लाइव ब्लॉग के मिनट टु मिनट अपडेट के लिए यहां से गुजर जाइए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *