धार में मेला मैदान से चोरी पानी का टैंकर बरामद:एक आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर और टैंकर जब्त

धार जिले के राजगढ़ नगर परिषद के मेला मैदान से चोरी हुए पानी के टैंकर के मामले में राजगढ़ पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। नगर परिषद का पानी का टैंकर 6 जनवरी की रात मेला मैदान स्थित मेला स्थल से चोरी हो गया था। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ राजगढ़ थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। धार एसपी मयंक अवस्थी के निर्देश और एएसपी पारुल बेलापुरकर व एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना पर कंजरोटा रोड पर कार्रवाई करते हुए एक लाल रंग के मैसी कंपनी के ट्रैक्टर को रोका। इस ट्रैक्टर के पीछे हरे रंग का एक टैंकर जुड़ा था। ट्रैक्टर ड्राइवर सत्यम पिता राधू निनामा (19 वर्ष), निवासी ग्राम बोरखेड़ी, थाना अमझेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने स्वीकार किया कि उसने एक बाल अपचारी के साथ मिलकर राजगढ़ नगर परिषद का पानी का टैंकर चोरी किया था। चोरी के बाद टैंकर की पहचान छिपाने के लिए उस पर हरा रंग पुतवा दिया गया था। पुलिस ने आरोपी सत्यम निनामा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने चोरी किया गया पानी का टैंकर और ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह ठाकुर और जितेंद्र सांखला, प्रधान आरक्षक नीरज मिश्रा, आरक्षक दिलीप, सैनिक रतन और जगदीश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *