सिटी एंकर मकर संक्रांति के दिन बोकारो वासियों को इस साल भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 जनवरी को शहर का न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो पिछले साल की तुलना में 3 से 4 डिग्री कम है। बीते वर्ष मकर संक्रांति के दिन न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि इस बार ठंड ज्यादा सताने वाली है। उत्तर-पश्चिमी की ठंडी हवाओं के चलते सुबह और देर शाम कनकनी बढ़ेगी और लोग दिनभर ठंड का असर महसूस करेंगे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर है, जिससे साफ आसमान बना रहेगा, लेकिन उत्तर-पश्चिम से आने वाली सर्द हवाएं तापमान में लगातार गिरावट ला रही हैं। मकर संक्रांति के दिन अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। धूप निकलने के बावजूद ठंड से खास राहत नहीं मिलेगी। खासकर खुले इलाकों, हाईवे, ग्रामीण क्षेत्रों और ऊंचे स्थानों पर शीतलहर का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। सुबह और रात के तापमान में आएगी गिरावट सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे सुबह और शाम ठंड अधिक रही, वहीं दिन में भी हवा में ठंडक बनी रही। तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हुई, लेकिन इससे ठंड से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं, बुधवार को भी तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आएगी। मकर संक्रांति के बाद ठंड में एक डिग्री कमी आ सकती है। उन्होंने यह भी संभावना जताया कि बसंत पंचमी और सरस्वती पूजा के आसपास हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद शीतलहर का प्रभाव और बढ़ेगा, जिससे ठंड और ज्यादा सताएगी। लगातार गिरते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा ठंडी हवाओं से बचने को भी कहा है। फिलहाल बोकारो में सर्दी का यह दौर जनवरी के अंत तक बने रहने के आसार हैं। बोकारो में सुबह-सुबह छाया कुहासा। सरस्वती पूजा के आसपास हल्की बारिश हो सकती है


