वैष्णवी कॉम्प्लेक्स में छापेमारी, साइबर ठगी करते छह गिरफ्तार

चीराचास पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चीराचास थाना क्षेत्र के वैष्णवी कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित मोबाइल के जरिए लोगों के बैंक खाता से राशि उड़ाने का काम कर रहे थे। इस संबंध में प्रेस कांफ्रेंस में बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि 11 जनवरी की रात करीब 10 बजे तकनीकी शाखा को प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सूचना प्राप्त हुई थी। चीराचास थाना प्रभारी पुष्पराज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर मोबाइल नंबर 7307161252 की लोकेशन के आधार पर फ्लैट में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान फ्लैट में मौजूद छह लोग मोबाइल से साइबर ठगी करते पाए गए। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में चीराचास थाना में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मिथलेश कुमार झा, रोहित आर्यन, गुड्डू कुमार, प्रिंस कुमार, विकास रविदास और टिंकू कुमार शामिल है। सभी आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 एंड्रॉयड व की-पैड मोबाइल, 20 हजार रुपए नकद, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, आधार, बैंक पासबुक आदि बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंस कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *