चाइनीज मांझे की बिक्री का मामला:2 दुकानों में छापेमारी…बैन के बाद बिक रहा चाइनीज मांझा जब्त, 10 हजार जुर्माना

मकर संक्रांति पर्व से पहले राजधानी में एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री का मामला सामने आया है। पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर और नगर निगम की संयुक्त टीम ने गुढ़ियारी क्षेत्र की दो पतंग दुकानों पर छापेमारी कर चाइनीज मांझा जप्त किया। दोनों दुकानों पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए कुल 10 हजार रुपए वसूले गए। इससे पहले भी बूढ़ापारा और गोलबाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टीम ने 4.5 किलो चाइनीज मांझा जब्त किया था और संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया था। दरअसल, एक दिन पहले ब्राह्मण पारा निवासी नेहा यादव चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इस घटना को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के प्रकाशन के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। गुढ़ियारी में औचक निरीक्षण : जोन क्रमांक 1 और 5 की संयुक्त टीम ने बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 18 स्थित प्रयास हॉस्टल, गुढ़ियारी के पास दो दुकानों की जांच की। टीम ने यहां से मांझा जब्त कर जुर्माना वसूला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *