वर्चस्व की लड़ाई:तेलीबांधा में दोस्त की चाकू मारकर हत्या, 8-10 बार वार, फरार नाबालिक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

वर्चस्व की लड़ाई में तेलीबांधा इलाके में एक युवक की उसके ही साथियों ने चाकू से गोद-गोदकर हत्या कर दी। युवक पर 8 से 10 बार चाकू से वार किया गया। लहूलुहान हालत में युवक सड़क पर तड़पता रहा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों पक्षों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वे कई बार जेल जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि भनपुरी इलाके में आदित्य कुर्रे (21) अपने परिवार के साथ रहता था। उसकी काशीराम नगर निवासी लोकेश विश्वकर्मा (25) से दोस्ती थी। दोनों रविवार की रात रजत दौडित, अनुज यादव, आकाश विश्वकर्मा और एक नाबालिग साथ में शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी बातों को लेकर आदित्य और लोकेश के बीच विवाद हो गया, जो हाथापाई में बदल गया। इसके बाद बाकी आरोपियों ने आदित्य को घेर लिया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। लोकेश और एक अन्य आरोपी ने चाकू निकाला और आदित्य पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान अभय सारथी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उस पर भी हमला किया गया। आदित्य लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा, जबकि अभय भी बेसुध होकर गिर गया। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभय का इलाज जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपराध में आई कमी, पर हत्या बढ़ी रायपुर में वर्ष 2024 में 17 हजार 703 अपराध दर्ज किए गए थे, जबकि 2025 में 15 हजार 896 अपराध दर्ज हुए हैं। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 2025 में करीब 10 प्रतिशत आपराधिक मामलों में कमी आई है। हालांकि हत्या की वारदातें बढ़ी हैं। 2024 में हत्या की 79 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 97 हो गई है। चाकूबाजी की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *