बोकारो | डीपीएस चास के खिलाड़ियों ने 17वीं इंडियन नेशनल जंप रोप स्किपिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 26 पदक जीतकर विद्यालय व राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों ने 17 स्वर्ण, 6 रजत व 3 कांस्य पदक हासिल किए। यह प्रतियोगिता 9 से 11 जनवरी तक जस्पुरिया बीएड कॉलेज रांची में झारखंड जंप रोप एसोसिएशन की ओर से आयोजित किया गया था। प्रतियोगिता में जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड, बिहार, बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के लगभग 373 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें झारखंड प्रथम, हरियाणा द्वितीय व तृतीय स्थान पर दिल्ली रहा। डीपीएस चास की टीम ने झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। अंडर-12 वर्ग में आशी सिंह ने 3 स्वर्ण, शिवांशी, जोया सिद्दीकी, अमन कुमार, रमन सिंह व स्वतंत्र कुमार ने 2-2 स्वर्ण पदकों के साथ 1-1 रजत पदक प्राप्त किया। आदित्य प्रताप ने 2 स्वर्ण पदक जीते। अनिका सिंह ने 1 स्वर्ण व 2 कांस्य पदक हासिल किए, जबकि विंध्याचल ने 1 स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-10 वर्ग में अमिनेश सिंह ने 1 रजत व 1 कांस्य पदक जीतकर टीम के खाते में योगदान दिया। शारीरिक शिक्षक राहुल प्रताप व शगुन ने मार्गदर्शन किया। निदेशिका एवं प्राचार्या डॉ. मनीषा तिवारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। कहा कि इससे विद्यार्थियों ने स्कूल के साथ-साथ विद्यालय का भी मान बढ़ाया है।


