जयपुर | शारीरिक शिक्षक संघों ने राजकाज पोर्टल के माध्यम से कार्मिक विभाग की सचिव अर्चना सिंह को ज्ञापन देकर कहा है कि सरकार शारीरिक शिक्षकों के साथ भेदभाव क्यों कर रही है। शारीरिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मक्खन सिंह गुर्जर का कहना है कि सरकार ने बजट पूर्व परिचर्चा में शामिल करने के लिए राज्य के 110 कर्मचारी संगठनों को आमंत्रित किया, लेकिन दुर्भाग्य है कि शारीरिक शिक्षकों के किसी भी संगठन को आमंत्रित नहीं किया। जबकि इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय को भी ज्ञापन देकर स्मरण में ला दिया गया था। यह शारीरिक शिक्षकों के साथ भेदभाव नहीं तो और क्या है। गुर्जर ने सरकार से पूछा है कि क्या शारीरिक शिक्षक सरकार के कर्मचारी नहीं हैं?


