सरगुजा संभाग को नशा मुक्त करने के अभियान में आबकारी उड़नदस्ता टीम ने रनपुर खुर्द निवासी एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है। 12 जनवरी 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हजरत अली नामक युवक अपनी बाइक सीजी 15 ईजी 1662 से ऑक्सीजन पार्क बधियाचुआं के आसपास नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप सप्लाई करने वाला है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने सिविल ड्रेस में मौके पर घेराबंदी कर दी। घेराबंदी के दौरान जैसे ही बाइक वहां पहुंची, टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। युवक के पास मौजूद झोले से 192 नग नशीले इंजेक्शन बरामद हुए, जिनमें 96 नग रेक्सोजेनिक और 96 नग एवील इंजेक्शन शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन इंजेक्शनों की कीमत 2 लाख आंकी गई है।


