बलरामपुर में 14 जनवरी को तातापानी महोत्सव:CM साय करेंगे शुभारंभ, 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा; तैयारियां अंतिम चरण में

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में संक्रांति पर्व के अवसर पर 14 से 16 जनवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 14 जनवरी को इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे जिले में कई विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी करेंगे। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर रमनलाल, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और अधिकारी मेला स्थल पहुंचे। 12 जनवरी को उन्होंने मेला परिसर, तपेश्वर महादेव मंदिर, सामूहिक विवाह स्थल, विभागीय स्टॉल, मुख्य मंच एवं बैठक व्यवस्था का अवलोकन किया। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा तातापानी महोत्सव के अंतर्गत 14 जनवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा। यह कार्यक्रम सीएम साय और अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में संपन्न होगा। धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण तातापानी में छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस वर्ष महोत्सव को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए मेला स्थल और आरागाही हवाई पट्टी में पैरासेलिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 14 जनवरी को पद्मश्री सम्मानित छत्तीसगढ़ी गायक अनुज शर्मा प्रस्तुति देंगे। अलग-अलग कलाकारों की होगी प्रस्तुति 15 जनवरी को पंच-सरपंच सम्मेलन व किसान संगोष्ठी के साथ संध्याकालीन कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक आदित्य नारायण की प्रस्तुति और ट्राइबल फैशन वॉक आयोजित होगी। महोत्सव के अंतिम दिन, 16 जनवरी को भोजपुरी कलाकार रितेश पाण्डेय, खुशी ककड़ एवं डिम्पल सिंह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। जिले में कलेक्टर-एसपी ने निकाली बाइक रैली बलरामपुर रामानुजगंज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जनजागरूकता बाइक रैली निकाली गई। 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस माह का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और हेलमेट के उपयोग के प्रति आमजन को जागरूक करना है। इस रैली का नेतृत्व कलेक्टर राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर रमनलाल और वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी ने किया। यह रैली कलेक्टर बंगला (पुराना बस स्टैंड) से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी और संयुक्त जिला कार्यालय पर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से आमजन को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से बिना हेलमेट वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने जोर दिया कि यातायात नियमों का पालन करके अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उदेश सिंह तोमर बने छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के चुनाव संपन्न हो गए हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पदस्थ उदेश सिंह तोमर को संघ का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत आम चुनाव कराए गए। कार्यकारी अध्यक्ष घनश्याम गायकवाड़ ने 20 दिसंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद 27 और 28 दिसंबर को नामांकन दाखिल किए गए, जबकि 29 दिसंबर नाम वापसी की अंतिम तिथि थी। नाम वापसी के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए बलरामपुर-रामानुजगंज से उदेश सिंह तोमर, कोरबा से प्रदीप तिवारी और सरगुजा से जयप्रकाश नेटी मैदान में थे। उपाध्यक्ष पद के लिए बस्तर से पल्लव झा और खैरागढ़ से शशांक श्रीवास्तव ने दावेदारी की। कोषाध्यक्ष पद के लिए कोरबा से आशीष साहू, गौरेला पेंड्रा से ईश्वर साहू और कबीरधाम से अनिल कौशिक उम्मीदवार थे, जबकि सचिव पद के लिए सूरजपुर से विनय कुमार टंडन, बेमेतरा से कोमल सिंह और कबीरधाम से रामेश्वर शरण साहू ने चुनाव लड़ा। 10 जनवरी को हुआ था मतदान प्रदेश भर के छात्रावास अधीक्षकों ने 10 जनवरी को अपने-अपने जिला मुख्यालयों में मतदान किया। इस दौरान अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के दो-दो सदस्य उपस्थित रहे। मतदान के बाद सीलबंद मतपेटियों को रायपुर के दूधाधारी भवन लाया गया। यहां 11 जनवरी को कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के सदस्य संतलाल साहू और रामेश्वर कुमार पटेल की देखरेख में मतगणना हुई। मतगणना के परिणामों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पद पर उदेश सिंह तोमर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रदीप तिवारी को 196 मतों के अंतर से हराया। उपाध्यक्ष पद पर पल्लव झा, प्रदेश सचिव पद पर विनय कुमार टंडन और कोषाध्यक्ष पद पर आशीष कुमार साहू विजयी घोषित किए गए। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पर्यवेक्षकों द्वारा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने छात्रावास अधीक्षकों के हितों, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *