अजमेर में जलवा पूजन के दौरान परिवार पर हमला, VIDEO:लाठी-डंडे और सरियों से की मारपीट, मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई

अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक परिवार के जलवा पूजन के दौरान रविवार रात (11 जनवरी) बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसका एक वीडियो सामने आया है। बदमाशों के हमले के दौरान बच्चे और महिलाएं जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। आरोपियों ने परिवार के लोगों को कार से कुचलने का भी प्रयास किया, वहीं परिवार पर लाठी-डंडे और सरियों से वार किए जिससे परिवार के कई लोग घायल हो गए। पीड़ित सूरज राव ने बताया कि जयपुर रोड घूघरा इंद्रा कॉलोनी में रात करीब एक बजे आरोपी चंद्रप्रकाश असवार नशे की हालत में मौके पर पहुंचा और पैसों के लेनदेन की बात को लेकर विवाद करने लगा। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। पीड़ित परिवार ने सोमवार शाम को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर घटना का वीडियो दिखाया और लिखित शिकायत सौंपी। देखिए दो फोटो आरोप है कि चंद्रप्रकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से जान से मारने के लिए हमला किया। असवार ने अपनी कार से परिवार के लोगों को कुचलने का भी प्रयास किया। पीड़ितों का कहना है कि यदि समय रहते लोग बीच-बचाव नहीं करते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी शंभूसिंह ने कहा… पुलिस को फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *