भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब स्टेट पेंशनर्स एवं सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक कंपनी बाग में जिला प्रधान मदन गोपाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत स्व. अशोक कुमार शर्मा पूर्व बीपीईओ और राम प्रकाश धवन मोढी जत्थेबंदी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। बैठक का एजेंडा मदन लाल मन्नन ने प्रस्तुत किया और कार्यवाही का संचालन किया। प्रैस सचिव सुखदेव राज कालिया ने कहा कि संयुक्त, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलनों से ही जनता की समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति के अपहरण संबंधी बयान की कड़ी निंदा की। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलने, नए बिजली बिल, श्रम बिल और बीज बिल की भी आलोचना की गई। यशदेव डोगरा ने वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रधान मदन गोपाल ने पेंशनर्स दिवस की जानकारी देते हुए पंजाब सरकार की पेंशनरों के प्रति नकारात्मक नीतियों पर खुलकर प्रकाश डाला । वक्ताओं ने कहा कि चुनावी वादों जैसे 2.59 गुणांक, कैशलेस मेडिकल योजना, पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली, 16 प्रतिशत डीए और मेडिकल भत्ता बढ़ाने जैसे वादे अब तक पूरे नहीं किए गए। 1966 से लंबित डीए की किश्तें न देना पेंशनरों के साथ बड़ा अन्याय है। आने वाले समय में पंजाब स्टेट पेंशनर्स कनफेडरेशन के जैसे विरोध तेज किया जाएगा। बैठक के अंत में लोहड़ी का त्योहार भी मनाया गया।


