हनुमानगढ़ के टाउन स्थित वार्ड 21 के रैगर मोहल्ला में एक घर से चोरों ने नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। यह घटना 6 जनवरी की रात को हुई। हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने सोमवार शाम को पीड़िता विमला देवी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़िता विमला देवी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि चोर उसके मकान में घुस आए और उसे घटना की भनक तक नहीं लगी। चोरों ने मकान के 4 कमरों के ताले तोड़े और अंदर रखी अलमारियों व संदूकों को खंगालते हुए सारा सामान बिखेर दिया। चोर घर से करीब 30 हजार रुपए नकद, एक जोड़ी चांदी की पायजेब, एक सोने का कोका, सोने की एक जोड़ी बालियां और सोने की पॉलिश किया हुआ चांदी का मंगलसूत्र चुरा ले गए। इसके अतिरिक्त, जमीन-जायदाद से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी चोरी हुए हैं। पीड़िता ने बताया कि घटना का पता चलने के बाद उसने पहले आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजेंद्र कुमार को सौंपी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते के दौरान जिले में चोरी की 15 से अधिक वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से अधिकांश मामलों में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा नहीं कर पाई है।


