कोरबा में 2 वनकर्मियों के घर से इमारती लकड़ी जब्त:कुदमुरा में वन विभाग की कार्रवाई, 2.21 लाख की लकड़ी बरामद

कोरबा वन मंडल की टीम ने सोमवार को ग्राम कुदमुरा में अवैध लकड़ी की शिकायत पर तीन घरों में छापा मारा। इस कार्रवाई में 2 लाख 21 हजार रुपए मूल्य की इमारती लकड़ियां जब्त की गईं। वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कुदमुरा रेंज मुख्यालय गांव में अवैध लकड़ी की शिकायत मिलने के बाद डीएफओ प्रेमलता यादव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओ एसके सोनी के नेतृत्व में 40 वन अधिकारियों की तीन टीमें गठित की गईं। दोपहर में पुलिस बल के साथ वन विभाग की टीम ने आठ स्थानों पर जांच की, जिसमें रेशम विभाग कुदमुरा का परिसर भी शामिल था। साल प्रजाति की इमारती लकड़ियां जब्त जांच के दौरान सागौन और साल प्रजाति की इमारती लकड़ियां जब्त की गईं। वन विभाग की टीम ने लछन सिंह राठिया के घर और दो अन्य बाड़ियों से भी लकड़ी बरामद की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुदमुरा निवासी श्याम दास, राम दास और लछन सिंह राठिया के रूप में हुई है। जब्त लकड़ियों में अधिकतर सागौन प्रजाति की हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी रामदास गांव का कोटवार है। मकान बनाने के उद्देश्य से काटे थे स्थानीय लोगों के अनुसार, ये लकड़ियां मकान बनाने के उद्देश्य से जंगल से काटकर लाई गई थीं। इससे पहले भी बालको रेंज के गढ़कटरा में बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद की गई थी। इस कार्रवाई में कुदमुरा, करतला, पसरखेत और बालको रेंज के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। मामले में रेशम विभाग के दो कर्मचारियों सहित कुल 5 लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग अवैध लकड़ी तस्करों को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारी संबंधित क्षेत्रों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। इसके लिए एक अलग टीम भी बनाई गई है, जो लगातार जंगली क्षेत्रों में गश्त कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *