बूंदी जिले में नैनवां पुलिस ने अवैध हथियार के साथ 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार और दांतेदार चक्के वाला एक लोहे का पाइप और 1 कार जब्त की गई है। थानाधिकारी सहदेव सिंह अपनी टीम के साथ सोमवार 12 जनवरी को गश्त पर थे। गश्त के दौरान नैनवां में धाकड़ छात्रावास के सामने नगर रोड पर उन्हें एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार आती हुई दिखाई दी, जिसके शीशे काले थे। पुलिस टीम ने कार को रुकवाया और ड्राइवर से पूछताछ की। ड्राइवर ने अपना नाम दयाराम उर्फ बीनू (28) पुत्र भैरू लाल, निवासी छोटी पड़ाप, थाना नैनवां, जिला बूंदी बताया। कार की तलाशी लेने पर, पिछली सीट के नीचे एक लोहे का पाइप मिला। इस पाइप के एक सिरे पर धारदार चक्का और दूसरे सिरे पर दांतेदार चक्का लगा हुआ था।
थानाधिकारी ने आरोपी दयाराम उर्फ बीनू से इस हथियार को रखने का लाइसेंस मांगा, जो उसके पास नहीं था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही लोहे का पाइप और स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया।


