भास्कर न्यूज | अमृतसर कोर्ट रोड पर एक होटल में अपनी एनआरआई पत्नी की हत्या करके पति फरार हो गया। आरोपी अपनी पत्नी के करेक्टर पर शक करता था। मृतका की पहचान प्रभजोत कौर गांव वड़ैच गुरदासपुर के रूप में हुई है। दोनों ही अपने 7 माह के बेटे का लोहड़ी का कार्यक्रम करने के लिए ऑस्ट्रिया से आए थे। प्रभजोत की शादी करीब 7 साल पहले मनदीप सिंह ढिल्लों निवासी गांव जेठूवाल से हुई थी। शादी के बाद अकसर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था, लेकिन परिवार वाले और मोहतबर बैठकर दोनों में राजीनामा करवा देते थे। होटल प्रबंधकों को घटना का दोपहर करीब डेढ़ बजे पता चला जब खटखटाने पर कमरा नहीं खोला। दरवाजा न खोलने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता मक्खन सिंह के बयान पर थाना सिविल लाइन की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मक्खन सिंह ने बताया कि बेटी और दामाद के बीच अकसर झगड़ा होता था। कई बार उनका राजीनामा भी करवाया गया। पिछले कुछ समय से तो दोनों ठीक रह रहे थे। दोनों ही अपने 7 माह के बेटे का लोहड़ी का कार्यक्रम करने के लिए ऑस्ट्रिया से आए थे। गुरदासपुर में सारा कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के अगले ही दिन शनिवार को दामाद बेटी को घुमाने के लिए लेकर जाने की बात कहकर ले गया। दोनों बेटे को वहीं छोड़ आए थे। उन्हें नहीं पता था कि उनका दामाद अमृतसर आया है और होटल में रुका है। दोनों के बीच क्या चल रहा था उसके बारे बेटी ने कुछ नहीं बताया। मृतका के भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि जीजा उसकी बहन पर शक करता था। इसी रंजिश में हत्या करके फरार हो गया। एसीपी लखविंदर कलेर का कहना है कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे हैं। आरोपी के पकड़े जाने पर ही हत्या के कारणों का पता चलेगा।


