टोंक के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल में सोमवार की रात शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सीनियर मेडिकल ऑफिसर रात को शराब के नशे में धुत होकर हॉस्पिटल पहुंचा। वार्ड में पेंट खोलकर महिला मरीजों के सामने ही पेशाब कर दिया। इसके बाद लड़खड़ाते हुए वहीं गिर पड़ा। घटना सआदत हॉस्पिटल में रात करीब साढ़े 10 बजे हुई। घटना से वार्ड में मौजूद पुरुष और महिला मरीज असहज हो गए और स्टाफ से डॉक्टर को वहां से हटाने के लिए कहा। लेकिन स्टाफ डॉक्टर की इस शर्मनाक हरकत को देखता रहा। सूचना पीएमओ तक पहुंची, जिसकी दखल के बाद डॉक्टर को व्हील चेयर पर बैठाकर घर तक पहुंचाया गया। पहले देखिए- शर्मसार कर देने वाली तस्वीरें अब पढ़िए पूरा मामला नशे में रात साढ़े 10 बजे वार्ड 20 में आए
प्रत्यक्षदर्शी बुद्धिप्रकाश, मनीष और नूरी के अनुसार- वार्ड 20 में रात करीब साढ़े दस बजे डॉक्टर का आईकार्ड गले में डाले डॉ. अनुराग शर्मा आए। वे लड़खड़ाते हुए चल रहे थे और कुछ बड़बड़ा रहे थे। वार्ड में महिला और पुरुष मरीजों के अलावा अटेंडेंट भी मौजूद थे। इसके बाद डॉ. अनुराग ने अपने पेंट को उतारा और महिला मरीजों के सामने ही पेशाब करने लग गए। इसके बाद वे लड़खड़ाते हुए वहीं गिर गए। मौजूद मरीजों ने उन्हें टोका तो वे कुछ बड़बड़ाने लगे। मरीजों ने उन्हें ऐसा नहीं करने को कहा, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। इसके बाद वहीं फर्श पर लेटे रहे। मरीजों ने वार्ड के स्टाफ को उन्हें दूसरी जगह ले जाने के लिए कहा, लेकिन स्टाफ डॉक्टर की हरकत को देखता रहा। पीएमओ बोले- वे छुट्टी पर है, मेडिकल नहीं करवाया है
घटना की सूचना पीएमओ डॉक्टर हनुमान बैरवा तक पहुंची। निर्देश मिलने पर वार्ड में मौजूद स्टाफ व्हील चेयर लेकर आया और डॉक्टर अनुराग शर्मा को उस पर बैठाकर घर पहुंचाया गया। पीएमओ बैरवा का कहना है- सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ.अनुराग शर्मा ने कल सोमवार को जयपुर जाने के लिए छुट्टी ली थी, लेकिन वे कल ही वापस आ गए थे। मैं सूचना पर जब वार्ड में पहुंचा तो वे व्हील चेयर पर चुपचाप बैठे हुए थे। वे नशे की हालत में थे। वे छुट्टी के दिन कुछ भी करें, पर्सनल लाइफ में कैसे भी रहे, यह उनका निजी मामला है। लेकिन हॉस्पिटल में शराब पीकर आना गलत है। वे आज भी छुट्टी पर है। अभी तक मेडिकल नहीं करवाया है। लेकिन अब जिस दिन भी उनका ऐसा व्यवहार होगा, उस दिन हम एक्शन लेंगे। कार्रवाई करेंगे।


