गंगापुर सिटी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.50 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, डीएसटी टीम गंगापुर सिटी को सूचना मिली थी कि बजरिया इलाके में एक व्यक्ति खुलेआम स्मैक की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद डीएसटी टीम ने आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामराज उर्फ गुरुजी (55) पुत्र मेवाशी लाल गुर्जर, निवासी खेड़ली, पुलिस थाना बामनवास के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बजरिया क्षेत्र में स्मैक बेचने की फिराक में था।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।


