डीग जिले के प्रभारी मंत्री और जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने और आगामी राज्य बजट को जन-उन्मुखी बनाने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई। इसके बाद उन्होंने विभिन्न वर्गों के साथ बजट पूर्व संवाद कर सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, जिला कलेक्टर उत्सव कौशल, जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना और अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कसवा भी उपस्थित थे। संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री रावत ने कहा कि आगामी राज्य बजट जन-भावनाओं और आवश्यकताओं का प्रतिबिंब होगा। उन्होंने जोर दिया कि बजट केवल वित्तीय प्रावधानों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं का दर्पण होता है। सरकार का लक्ष्य है कि आगामी बजट सर्व-समावेशी और सर्व-स्पर्शी हो, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति का हित सुरक्षित रहे। विभागीय समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों का रेस्टोरेशन (बहाली) कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए। रावत ने यह भी निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत कार्य का भौतिक सत्यापन संबंधित ग्राम पंचायत या ग्राम विकास अधिकारी से लिखित में प्राप्त किया जाए। बैठक में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने क्षेत्र की विकासात्मक आवश्यकताओं को गंभीरता से प्रस्तुत किया। उन्होंने सुझाव दिया कि चंबल परियोजना और जल जीवन मिशन के कार्यों में बेहतर तकनीकी समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे संसाधनों की बर्बादी रुके और कार्य की गति बनी रहे। विधायक ने ग्रामीण अवसंरचना को मजबूत करने पर जोर देते हुए रारह में नई पुलिस चौकी की स्थापना, क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण और सुचारू पेयजल प्रबंधन की मांग की।


