झालावाड़ जिले के पनवाड़ कस्बे की पीयूषी सुमन ने जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव में कहानी लेखन प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से जिले और कस्बे का नाम रोशन हुआ है। यह महोत्सव स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर 7 से 12 जनवरी तक जयपुर में आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक, सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस आयोजन के मुख्य अतिथि रहे। महोत्सव के दौरान राज्यभर से आए युवाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कहानी लेखन प्रतियोगिता में पीयूषी सुमन ने अपनी सशक्त लेखन शैली, विचारों की गहराई और सृजनात्मक अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें तृतीय स्थान मिला। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के अंतिम दिन, 12 जनवरी को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें पनवाड़ की पीयूषी सुमन को कहानी लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पीयूषी की इस सफलता पर उनके परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और कस्बेवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि पीयूषी की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करेगी।


