पायलट, डोटासरा और जूली कल जनआक्रोश रैली में होंगे शामिल:हेमाराम चौधरी के धरने का देंगे समर्थन, बाड़मेर-बालोतरा सीमाएं बदलने का विरोध

बाड़मेर और बालोतरा जिले की सीमाएं बदलने पर पूर्व मंत्री एवं कद्दावर नेता हेमाराम चौधरी धोरीमन्ना में धरने पर बैठे है। 79 साल के पूर्व मंत्री कड़ाके की ठंड में 10 रातें धरना स्थल पर गुजार चुके हैं। चौधरी को समर्थन देने के लिए पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली समेत नेता कल यानि बुधवार को धोरीमन्ना पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित कर राजस्थान सरकार को घरेंगे। दरअसल, राजस्थान सरकार ने बाड़मेर और बालोतरा जिले का भूगोल बदलने का नोटिफिकेशन 31 दिसंबर को जारी किया था। लेकिन नोटिफिकेशन 2 जनवरी को सामने आया था। इसमें बायतु को बाड़मेर और गुड़ामालानी और धोरीमन्ना को बालोतरा जिले में शामिल कर दिया। इसके बाद से गुड़ामालानी और धोरीमन्ना की जनता इस नोटिफिकेशन का विरोध करते हुए 3 जनवरी से धरना स्थल पर बैठ गए। धरने के दूसरे दिन ही पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता हेमाराम चौधरी 79 साल की उम्र में उनके साथ धरने पर बैठ गए। शीतलहर और कड़ाके की ठंड में दिन-रात धरना स्थल पर बैठे है। धरना स्थल से एसडीएम ऑफिस रैली निकालकर धोरीमन्ना एसडीएम को ज्ञापन दे रहे है। हेमाराम चौधरी का कहना है कि हमारी तो एक ही मांग है कि गुड़ामालानी और धोरीमन्ना को बाड़मेर जिले में ही रखा जाए। अन्यथा धोरीमन्ना में रहने वाले लोगों को जिला मुख्यालय जाने के लिए बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। धोरीमन्ना में 14 जनवरी को आक्रोश रैली निकाली जाएंगी। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने तैयारियां कर दी है। पायलट, डोटासरा, जूली आएंगे बाड़मेर पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी को समर्थन देने के लिए डिप्टी सीएम सचिन पायलट बुधवार को दिल्ली से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेगे। वहां से बालोतरा, सिणधरी होते हुए धोरीमन्ना पहुंचेगे। इसी तरह पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली ट्रेन से बुधवार को सुबह 6 बाड़मेर पहुंचेगे। यहां से फिर सड़क मार्ग से धोरीमन्ना में होने वाली जन आक्रोश रैली में शामिल होंगे। वहां से फिर जोधपुर के लिए रवाना होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *