झालावाड़ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने के आरोप में दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 रोल चाइनीज मांझा जब्त किया। राज्य सरकार द्वारा पतंगबाजी में उपयोग होने वाले चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद इसकी अवैध बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा चाइनीज मांझे के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाधिकारी कोतवाली झालावाड़ ने शहर में पतंग बिक्री करने वाली दुकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दुकानदार शुभम कश्यप और जाकिर अली को प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। चाइनीज मांझे का प्रयोग मानव जीवन, पशु-पक्षियों और वाहन ड्राइवरों के लिए अत्यंत घातक है। इसके कारण पूर्व में कई गंभीर दुर्घटनाएं और जनहानि की घटनाएं हो चुकी हैं। इसी खतरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह के सुपरविजन में संचालित किया जा रहा है। थानाधिकारी कोतवाली मुकेश कुमार मीणा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है।


