करौली में 109 बदमाश गिरफ्तार:267 पुलिसकर्मियों की 65 टीमों ने 440 स्थानों पर दी दबिश

करौली जिले में एरिया डोमिनेशन अभियान में पुलिस ने 109 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
अभियान के तहत जिलेभर में 267 पुलिसकर्मियों की 65 टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने कुल 440 संदिग्ध स्थानों पर एक साथ दबिश दी, जिसमें 109 अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक जघन्य अपराध में वांछित, छह स्थायी वारंटी, 24 गिरफ्तारी वारंटी और चार सामान्य प्रकरणों में वांछित आरोपी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, विभिन्न मामलों में शांति भंग करने वाले 68 चालानशुदा अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए। आबकारी अधिनियम के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर 194 पव्वे अवैध देसी शराब जब्त की गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर एक अवैध देसी कट्टे के साथ एक आरोपी को पकड़ा गया। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो प्रकरण दर्ज किए गए, जिसमें 10 टन पत्थर जब्त किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
थाना सदर हिंडौन क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत एक आरोपी को .15 बोर के देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी तरह, न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामील में दो गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा गया।
थाना टोडाभीम पुलिस ने एक गंभीर अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बलात्कार के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। थाना लांगरा क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 148 पव्वे अवैध देशी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थाना कैलादेवी पुलिस ने भी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पांच गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *